➡️ जल जीवन मिशन के कार्यों की निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति तैयार करें
➡️ जल जीवन मिशन अंतर्गत निम्न गुणवत्ता का कार्य करने वाली एजेंसियों को टर्मिनेट कर, लगाएं जुर्माना
➡️ आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज में रखें पूरी पारदर्शिता
➡️ छोटे नदी , तालाब , बावड़ियों को पुनर्जीवित करने अभियान प्रारंभ करें
➡️ अवैध शराब विक्रय करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई
➡️ जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा)की बैठक संपन्न
जिले में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सागर सासंद डॉ लता वानखेड़े एवं दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की निगरानी और प्रगति के लिए जिला स्तरीय समिति तैयार कर नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत निम्न गुणवत्ता से कार्य करने वाली एजेंसी/ठेकेदारों को टर्मिनेट कर जुर्माना भी लगाएं।
सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि, जल जीवन मिशन के सभी कार्य गुणवत्ता पूर्ण रूप से पूर्ण कराएं और मिशन की मंशा के अनुरूप सुलभ जल उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों को पूर्ण करने और दोषी कॉन्ट्रैक्टर पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि, जिले के सभी आयुष्मान संबद्ध अस्पताल आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज में पूरी पारदर्शिता रखें। इस संबंध में सीएमएचओ आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। ऐसे अस्पताल जो नियमानुसार कार्य नहीं कर रहे उनपर कार्रवाई भी करें। सभी आयुष्मान संबद्ध अस्पताल नोटिस बोर्ड पर आवश्यक जानकारी चस्पा करें एवं मरीज़/परिजन को इलाज संबंधी रसीद आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएं।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने बताया कि जिले में तालाबों के सीमांकन सहित मुंडेर बनाने का कार्य किया जा रहा है जिससे एक ओर जहां तालाबों के अतिक्रमण पर रोक लगी है वहीं दूसरी ओर जल संरक्षण और संवर्धन में भी मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त जिले में छोटे नदी, तालाब, बावड़ियों को भी पुनर्जीवित करने अभियान चलाया जा रहा है। छोटे चेक डेम्स, स्टॉप डेम बनाने के भी कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि जिले में कई जगह अवैध शराब से संबंधित कारवाई की भी आवश्यकता है। आबकारी विभाग द्वारा पुलिस के सहयोग से ऐसी अवैध विक्रय पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम के अंतर्गत घरेलू नल कनेक्शन, डाली गई पाइपलाइन और छूटे हुए घरों को योजना में शामिल करने संबंधी समीक्षा भी की गई। जल संसाधन विभाग के तहत विभिन्न बहुउद्देशीय परियोजनाओं, उनकी भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत बीना सिंचाई परियोजना, बंडा बृहद परियोजना, हनोता , पंचमनगर, कड़ान परियोजना, सजली, कैथ, जेरा मध्यम परियोजना के अंतर्गत प्रगति लाने एवं शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के सभी 12 आरोबी की भी समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ये निर्माण कार्य सीधे जनहित से जुड़े हैं जिन्हें पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करें।
इसके अतिरिक्त ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले के ऐसे क्षेत्र जहां पर जल संकट होने की संभावना है, ऐसे क्षेत्रों के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के साथ जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन आवासों का शेष कार्य जल्द पूरा करने और भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। लंबित आवेदनों की जांच कर पात्र व्यक्तियों को तुरंत लाभ देने के निर्देश दिए। निरस्त योग्य आवेदनों को निरस्त कर सभी प्रकरणों का निस्तारण करने को भी कहा।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 26 में छात्र नामांकन की स्थिति, जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा संचालित छात्रवासों में सभी सुविधाएं को एक बार पुनः देखने एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम उज्जवला योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत चयनित बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत , जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह सहित दिशा समिति के अंदर सदस्यों ने भी अपने सुझाव व्यक्त किये।
बैठक में जिला सड़क सुरक्षा के तहत पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट और उन पर आगामी कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट के संबंध में अंडर पास बनाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आई-रैड (i- RAD) एप के माध्यम से चिन्हित हॉटस्पॉट की भी कलेक्टर द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। साथ ही स्मार्ट सिटी के आईटीएमएस से निगरानी और चालानी कार्रवाई की भी जा रही है।
इस अवसर पर सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े , दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी, सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत , जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह, श्री हरिराम सिंह, कलेक्टर श्री संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के वी, डी एफ ओ श्री महेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री , एडीएम श्री रूपेश उपाध्याय सहित दिशा समिति के सदस्य, सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar #सागर


