शाहगढ़। थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित भगत सिंह वार्ड के हिंगलाज माता मंदिर समेत खालमंत्रा मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को मलहरा पुलिस की मदद से शाहगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी छतरपुर जिले के रहने वाले हैं और सागर के विभिन्न मंदिरों में चोरी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से मां दुर्गा की पीतल प्रतिमा और अन्य सामान बरामद किया है।
पुजारी बालकिशन यादव ने थाने में शिकायत दी थी कि शुक्रवार रात में मंदिर बंद कर घर चले गए थे, लेकिन शनिवार सुबह आने पर ताले टूटे मिले। मंदिर में मुख्य प्रतिमा के पास विराजीं मां दुर्गा की पीतल प्रतिमा चोरी हो चुकी थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
सोने की मूर्ति समझ रहे चोर माता की मूर्ति को घुवारा से होते हुए मलहरा में बेचने की फिराक में घूम रहे थे।
.... बिजावर से पकड़े गए दोनों आरोपी....
सूत्रों से मिले सुराग के आधार पर शाहगढ़ पुलिस ने छानबीन के दौरान छतरपुर जिले के बिजावर निवासी दो संदिग्धों के नामों का पता लगाया। बिजावर पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे के नेतृत्व में टीम बिजावर पहुंची और लोकेशन के आधार पर सरताज पिता अब्बास खान (29) और साबिर पिता अजीज खान (20) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की।मां दुर्गा की प्रतिमा और दानपेटी से चुराई नकदी भी स्वीकार की थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपियों से मां दुर्गा की पीतल की प्रतिमा बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने खलमंत्रा मंदिर की दानपेटी तोड़कर नकद चोरी करने की बात भी मानी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। सोमवार को मामला कोर्ट में पेश किया
गया है।


