अदावन से शुरू मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व का शाहगढ़ में हुआ समापन।

शाहगढ़। अदावन गांव से शुरु हुए मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व का शाहगढ़ के झंडा चौक पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को समापन हुआ। अभियान के दौरान नगर के लिए करीब ढाई करोड़ की लागत के विकास कार्य की स्वीकृति मिली वहीं 416 आयुष्मान कार्ड,118 संबल कार्ड,6 हितग्राही जिन्हें अनुग्रह सहायता राशि मंच से देकर कुल 540 हितग्राही लाभान्वित हुए। 11दिसंबर शुरू हुए मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व अभियान के दौरान नगर सहित गांव गांव में विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार जनपद अध्यक्ष मनीष यादव और नगर परिषद अध्यक्ष राधा बाबूलाल खटीक आदि जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारी, और नागरिकों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों की गतिविधियों और विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया गया।

केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गावों और वार्डो में जाकर लोगों के साथ साझा किया गया था।इस पर्व के दौरान, नदी जोड़ो अभियान जागरूकता पैदा करने कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया था।

नगर के झंडा चौक पर आयोजित समापन समारोह में विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने के लिये राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रही है। जनकल्याण पर्व में विभिन्न विभागों की गतिविधियां, विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन के साथ जन-कल्याण के कार्य प्रमुखता से किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए मौके पर ही शिविर लगाकर जन समस्याओं का निराकरण हुआ । इसमें केन्द्र और राज्य सरकार की 34 चिन्हित शतप्रतिशत हितग्राही मूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। सीएमओ विनय मिश्रा ने संचालन किया और उपाध्यक्ष पुनीत जैन ने वार्डो के विकास कार्यों की रूपरेखा बताकर राशि देने की मांग रखी। मंडल अध्यक्ष काशीराम यादव, योगेश दुबे , और राजेंद्र तिवारी,मोनू जैन आदि कई लोगों ने हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रदाय लाभ का जिक्र करते जनता से जिक्र किया।

....शाहगढ़ को तीन कचरा गाड़ी, ढाई करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिली.....

बंडा से अधिक शाहगढ़ विकास के लिए संकल्पित विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार ने नगर के लिए तीन कचरा गाड़ी, रैकवार समाज भवन निर्माण को तीन लाख, चाट चौपाटी को एक लाख, बाजार में स्थाई कामफ्लेक्स, सीसी रोड, आदि विभिन्न निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए करीब ढाई करोड़ रूपए की घोषणा की। आठ माह से लंबित वार्डो के निर्माण कार्य को लेकर उन्होंने मंच पर बेठे ठेकेदारों से जल्द से जल्द कार्य शुरू करने का आग्रह किया।

इस दौरान बेवा श्रीमति लक्ष्मी रैकवार, तोहसीन खान, पूनम अहिरवार, शेरू, कमलेश और फिरोजा वानो इन छह हितगाहियों को दो दो लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की, अपर चंदिया से नगर के लिए प्राप्त नल जल योजना,के अलावा लांच नदी परियोजना को पूरी करने का आश्वासन देते हुए बंडा से ज्यादा शाहगढ़ के विकास के लिए संकल्पित विधायक ने सर्व दल, सर्व धर्म एकता के साथ होगा, गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा यही हमारा संकल्प है।