सफलता की कहानी  मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से आशीष अहिरवार ने हार्डवेयर व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता बने, नियमित आय के साथ दो लोगों को रोजगार मिला

सफलता की कहानी 

 

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से आशीष अहिरवार ने हार्डवेयर व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता बने, नियमित आय के साथ दो लोगों को रोजगार मिला

 

सागर ।शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना श्री आशीष अहिरवार के लिए आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम सिद्ध हुई है। इस योजना के माध्यम से श्री आशीष ने हार्डवेयर शॉप का व्यवसाय प्रारंभ कर न केवल स्वयं को स्वावलंबी बनाया, बल्कि दो अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार उपलब्ध कराया।

 

श्री आशीष अहिरवार ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 3 लाख का ऋण प्राप्त कर हार्डवेयर शॉप का व्यवसाय प्रारंभ किया, जो उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा देवरी से स्वीकृत हुआ। वे बताते हैं कि इस व्यवसाय को शुरू करने में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, सागर के अधिकारियों का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

 

श्री आशीष को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी समाचार पत्र के माध्यम से मिली। इसके पश्चात उन्होंने हार्डवेयर शॉप स्थापित करने हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, सागर से संपर्क किया। केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंदाकिनी पांडेय द्वारा उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा योजना के अंतर्गत लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

योजना के अंतर्गत 2.20 लाख का प्रकरण विभाग द्वारा तैयार कर बैंक ऑफ बड़ौदा, देवरी को प्रेषित किया गया, जबकि श्री आशीष का स्वयं का अंशदान रु. 80,000/- रहा। ऑनलाइन प्रकरण प्रेषण के पश्चात बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। योजना के प्रावधान अनुसार उन्हें 7 वर्षों तक 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान एवं ऋण गारंटी शुल्क की प्रतिपूर्ति का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। श्री आशीष अपनी हार्डवेयर शॉप से प्रति माह लगभग रु. 25,000/- की आय अर्जित कर रहे हैं तथा बैंक ऋण की किश्तें नियमित रूप से जमा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से श्री आशीष आज आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ रोजगार प्रदाता भी बने हैं।