सफलता की कहानी  स्वरोजगार के साथ रोजगार सृजन, प्रिंस कुमार जैन ने दो व्यक्तियों को दिया काम

 

सागर ।मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी योजना साबित हो रही है। इस योजना से लाभान्वित होकर श्री प्रिंस कुमार जैन ने अपना स्वयं का किराना व्यवसाय प्रारंभ किया है। इस व्यवसाय के माध्यम से वे न केवल स्वयं स्वावलंबी बने हैं, बल्कि दो अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।

श्री प्रिंस कुमार जैन ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 5.00 लाख रुपये का ऋण लेकर अपना किराना व्यवसाय प्रारंभ किया। उन्हें यह ऋण सेंट्रल बैंक, शाखा सधौना से प्राप्त हुआ।

श्री प्रिंस कुमार का कहना है कि किराना शॉप प्रारंभ करने में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, सागर के अधिकारियों का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली, जिसके पश्चात उन्होंने जिला उद्योग केंद्र में संपर्क किया। कार्यालय के प्रबंधक द्वारा उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई और बताया गया कि वे इस योजना का लाभ लेकर किराना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।

 

उन्होंने बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार बैंक ऋण पर 7 वर्षों तक 3 प्रतिशत की दर से ब्याज अनुदान का लाभ भी प्राप्त होगा। विभाग के माध्यम से 3.00 लाख रुपये का प्रकरण तैयार कर सेंट्रल बैंक शाखा सधौना को प्रेषित किया गया, जिसमें उनका स्वयं का अंशदान 80,000 रुपये था। ऑनलाइन प्रकरण बैंक को भेजे जाने के उपरांत बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।

वर्तमान में श्री प्रिंस कुमार जैन द्वारा किराना व्यवसाय का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इस व्यवसाय से उन्हें प्रति माह लगभग 15,000 रुपये की आय हो रही है तथा दो अन्य व्यक्तियों को रोजगार भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि बैंक की ऋण किश्तें भी नियमित रूप से जमा की जा रही हैं।

 

श्री प्रिंस कुमार जैन का कहना है कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है और इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर प्रदान किया है।