शाहगढ़ के 167 सरकारी स्कूलों में खाना खाने के लिए मिलेंगे नए बर्तन। समूहों के खाते में पहुंची राशि।

शाहगढ़ के 167 सरकारी स्कूलों में खाना खाने के लिए मिलेंगे नए बर्तन।

समूहों के खाते में पहुंची राशि।

 

शाहगढ़। तहसील के सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मध्यान्ह भोजन अब नए बर्तनों में दिया जाएगा। राज्य शासन की ओर से बर्तन खरीदने के लिए सभी सरकारी स्कूलों में राशि जारी कर दी गई है। बता दें कि, तहसील के सभी 167 स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बर्तन खरीदने दर्ज संख्या अनुसार प्रति स्कूल दस हजार से पच्चीस हजार रुपए तक जारी किए गए हैं। शाहगढ़ जनपद क्षेत्र में करीब तीस लाख रुपए से अधिक के बर्तन इस आवंटन के बाद महिला समूहों द्वारा खरीदे जाएंगे।

बी आर सी संगीता गर्ग ने मंगलवार को जनपद शिक्षा केंद्र सभागार में स्कूलों के प्रधान अध्यापक , समूहों के अध्यक्ष सचिव की बैठक ली उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण भोपाल से जारी आदेश अनुसार विद्यालयवार दर्ज बच्चों की संख्या और राशि मुताबिक नवीन बर्तन खरीदी संबंधी निर्देश सभी को दिए, बर्तन खरीदने के पहले उन्होंने शाला प्रबंधन समिति, प्रधानाध्यापक, स्वसहायता समूह के अध्यक्ष व सचिव की शाला स्तर पर समिति गठन करने के निर्देश दिए उन्होनें बताया कि जिन विद्यालयों में छात्रों की संख्या 50 के लगभग हैं। उन्हें 10 हजार रुपए, 51 से 150 छात्र संख्या वाले विद्यालय को 15 हजार, 151 से 250 छात्र संख्या वाले विद्यालयों को 20 हजार एवं 251 से ज्यादा छात्र संख्या वाले स्कूलों को 25 हजार रुपए बर्तन खरीदने के लिए दिए गए हैं।बर्तन खरीदने के संबंध में राज्य शासन की गाइड लाइन बताते हुए बी आर सी संगीता गर्ग ने बताया कि जारी की गई राशि से स्टील की 3 खंड वाली थाली, स्टील की चम्मच, दाल और सब्जी परोसने के लिए स्टील के भगोने, पानी पीने के लिए स्टील के गिलास सहित कई अन्य सभी बर्तन खरीदें। बर्तन खरीदने में लापरवाही होने पर प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की जाएगी । गौरतलब है कि इसके पहले वर्ष 2010 के लगभग नये बर्तन खरीदे गए थे। लिहाजा अब 15 साल बाद स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के लिए नये बर्तनों की खरीदी होगी। पुराने बर्तनों के क्या होगा अभी इस संबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।