शाहगढ़ में शांति समिति की बैठक संपन्न। थाना परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर चर्चा हुई।

शाहगढ़ में शांति समिति की बैठक संपन्न। थाना परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर चर्चा हुई।

शाहगढ़। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर थाना परिसर में गुरूवार को शांति समिति बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समिति प्रमुख और मंदिर के पुजारी उपस्थित हुए । थाना प्रभारी संदीप खरे ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों को शासन और उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के प्रतीक हैं, और इन्हें शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शाहगढ़ नगर से दो स्थानों और अमरमऊ से निकलने वाली शिव जी की बरात के रूट मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने यह भी अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए।बैठक में मौजूद सभी समिति प्रमुखों और क्षेत्र के सम्मानित व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

थाना प्रभारी ने सभी से आपसी संवाद बनाए रखने और छोटी-छोटी समस्याओं को आपसी समझदारी से सुलझाने का आग्रह किया। बैठक का समापन आपसी सद्भाव, सहयोग और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।