बराज के पीएमश्री विद्यालय में कैरियर मेला।
कैरियर को लेकर छात्रों को मिली प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा।
शाहगढ़। बराज के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किशोरों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम जिसमें कैरियर मेला, काउंसिलिंग और गाइडेंस शामिल थे।मुख्य अतिथि श्रीराम कौशिक ने साइबर सुरक्षा, विभिन्न हेल्पलाइन नंबर (112, 1090, 1098, 1930), यातायात सुरक्षा और राहवीर योजना की जानकारी भी दी गई।शाला प्राचार्य वीरेंद्र यादव ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और शासकीय सेवाओं से जुड़ी कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे जानकारी दी।मानसिक स्वास्थ्य एवं कैरियर काउंसलर अनामिका गुरु ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं शौक के अनुसार स्ट्रीम चयन करने, किसी एक कौशल में निपुणता हासिल करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के अलावा उन्होनें बताया कि छठवीं से दसवीं कक्षा तक की एनसीईआरटी पुस्तकों के माध्यम से सामान्य अध्ययन, सामान्य हिंदी-अंग्रेजी, गणित और तार्किक ज्ञान जैसे विषयों की मजबूत तैयारी की जा सकती है। उन्होंने इतिहास, राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, भूगोल, विज्ञान, करंट अफेयर्स, खेल और विविध विषयों को समझने के लिए समाचार पत्र, आकाशवाणी और दूरदर्शन के शैक्षणिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से सुनने-देखने की सलाह दी इसके अलावा छात्रों को महत्वपूर्ण तथ्यों की डायरी तैयार करने और रोजगार समाचार, रोजगार निर्माण जैसी पत्रिकाओं का सही उपयोग करने के तरीके भी बताए गए। इसके अतिरिक्त, कई मासिक पत्रिकाओं, वार्षिकांक और ईयर बुक्स की उपयोगिता से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।कार्यक्रम में विद्यालयीन शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा के विकल्पों पर भी चर्चा की गई। मेडिकल, इंजीनियरिंग, तकनीकी, मानविकी विषयों, डिप्लोमा और अन्य कोर्स के साथ-साथ छात्रवृत्तियों की जानकारी प्रदान की गई। सेना, पैरामिलिट्री और पुलिस जैसी वर्दीधारी सेवाओं के लिए आवश्यक शारीरिक व चिकित्सीय मापदंडों और फिजिकल टेस्ट की तैयारी पर भी प्रकाश डाला गया।इसके अलावा, व्यक्तित्व विकास, एक अच्छा नागरिक बनने और साक्षात्कार प्रक्रिया में सफलता के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी के महत्व को समझाया गया।जिज्ञासु विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देने पर उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक मोहन विश्वकर्मा, जेवियर लकड़ा, रामकुमार कौशिक, ईशान जैन ,जितेंद्र यादव सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


