बीला के जंगल में अवैध लकड़ी से भरा वाहन जब्त, आधी रात वन विभाग ने दी दबिश

शाहगढ़। क्षेत्र में अवैध तरीके से लकड़ी का परिवहन व फर्नीचर का कारोबार चरम पर है। एक बार फिर वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन कर रहे वाहन को जब्त किया। आए दिन पेड़ों को काटकर अवैध तरीके से रात में लकड़ी का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर बीला वृत स्थित जंगल में देर रात वन विभाग की टीम ने दबिश देकर अवैध इमरती लकड़ी से भरे वाहन को पकड़ा है। इस मामले में वन विभाग ने वाहन मालिक व लकड़ी परिवहन करने वालों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामले को जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात शाहगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी सर्वेश सोनी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात तिपहिया वाहन में अवैध लकड़ी परिवहन हो रही है। सूचना मिलते ही वन टीम में शामिल डिप्टी रेंजर बसंत राव, शैलेंद्र तिवारी, रविंद्र चौबे, नीलेश कौरव, राजेश कटारिया, और अनिरुद्ध तिवारी पहुंचे। रात डेढ़ बजे के लगभग वन विभाग की टीम द्वारा अवैध लकड़ी से भरे बिना नंबर के खड़े मिले वाहन को जब्त किया, वाहन चालक के भागने से टीम को लकड़ी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिल पाए। लकड़ी अवैध पाए जाने पर वाहन को जब्त करते हुए टीम साथ में शाहगढ़ रेंज में लेकर चली गई।

 

....लकड़ी कहां से आई नहीं लग पाया पता.....

कार्रवाई के 18 घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग के अधिकारी यह नहीं पता लगा पाए हैं कि आखिरकार यह लकड़ी कहां से आई है और लेकर कहा जा रहा था, रास्ते में लावारिस वाहन मिला तभी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल वन विभाग ने लकड़ी और वाहन दोनों को जब्त कर अभिरक्षा में लिया।

 

 

 

इस मामले में कार्रवाई चल रही है। अवैध तरीके से लकड़ी का परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक व परिवहन करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है,वाहन को राजसात करने हेतू जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- सर्वेश सोनी, रेंजर

शाहगढ़