➡️ उपार्जन केंद्रों का चेक लिस्ट के अनुसार एसडीएम स्वयं करें भौतिक सत्यापन
➡️ सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य, गेहूं उपार्जन के पूर्व मॉक रन किया जाय
—कलेक्टर श्री संदीप जी आर
उपार्जन केंद्रों का चेक लिस्ट के अनुसार एसडीएम स्वयं करें भौतिक सत्यापन एवं सभी उपार्जन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से हो। गेहूं उपार्जन के पूर्व मॉक रन किया जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिला उपार्जन समिति की बैठक में दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति बघेल, श्री राजेश त्रिपाठी, श्री रोहित बघेल सहित जिला उपार्जन समिति के सदस्य मौजूद थे।
उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और किसानों की सहूलियत को देखते हुए प्रत्येक केंद्र पर शुद्ध पेयजल, किसानों को बैठने के लिए छायादार स्थान, प्राथमिक चिकित्सा किट, शौचालय, तकनीकि सामग्री, तौलकांटा, इंटरनेट, बारदाना जैसी समस्त मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने निर्देशित किया है कि जिले के सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करें। सत्यापन के दौरान केंद्र की क्षमता, बारदाने की उपलब्धता और तौल कांटों की शुद्धता की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर यह सुनिश्चित करें कि उपार्जन की प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित हो रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन होते ही परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जावे। उन्होंने कहा कि बारदाने की उपलब्धता लगातार बनी रहे यह भी सुनिश्चित किया जाए।
जिला उपार्जन समिति के सदस्यों को अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सागर जिले में चना के लिए 27793 एवं मसूर के लिए 42063 पंजीयन किए गए हैं जिसका उपार्जन कार्य 70 केन्द्रों पर किया जा रहा है। इसी प्रकार 15 अप्रैल से 31 मई तक शुरू होने वाले गेहूं उपार्जन के लिए जिले में 77337 किसान भाइयों द्वारा उपार्जन किया गया है जो की 176 उपार्जन केन्द्रों पर अपनी फसल का विक्रय कर सकेंगे इसी प्रकार सरसों के लिए 3500 किसान भाइयों ने पंजीयन किया है।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar


