हनुमान जयंती पर श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब,  सुबह रामधुन दोपहर में निकली मनमोहक झांकियां। शाहगढ़ में धूमधाम से मनाई गई बजरंग बली की जयंती।

 

हनुमान जयंती पर श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब, 

सुबह रामधुन दोपहर में निकली मनमोहक झांकियां।
शाहगढ़ में धूमधाम से मनाई गई बजरंग बली की जयंती।

शाहगढ़।हनुमान जयंती के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ  एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शहर के मुख्य सभी हनुमान मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था।। पंडितों द्वारा विशेष पूजन, अभिषेक और आरती का आयोजन किया गया। कई मंदिरों में दिनभर भजन संध्या और राम कथा जैसे कार्यक्रम चलते रहे। इस अवसर पर रामधुन समिति द्वारा सुबह से प्रभात फेरी निकाली जिसमें राम राम की  संगीत मय जाप करते हुए सभी मंदिरों में माथा टेकने राम भक्त पहुंचे। दोपहर में पार्क मंदिर से निकली विशाल शोभायात्रा में शामिल भक्तों का जगह जगह स्वागत हुआ, जिसमें झांकियों, गाजे-बाजे और राम भक्तों के समूहों ने भाग लिया। युवा वर्ग ने भगवा ध्वज के साथ नारे लगाते हुए भक्ति और उत्साह दिखाया। हनुमानजी के विविध स्वरूपों की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
स्थानीय प्रशासन के नुमाइंदों में तहसील दार जीसी रॉय, और थाना प्रभारी संदीप खरे अपने अमले को साथ शोभायात्रा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने में जुटे रहे। जगह जगह पुलिस बल, राजस्व और नगर परिषद का अमला तैनात किया गया था और ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए नगर परिषद द्वारा चूना डालकर विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे आयोजन शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सका। हनुमान जयंती के इस पर्व ने समाज में भक्ति, एकता और सांस्कृतिक चेतना को एक बार फिर जीवंत कर दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से बल, बुद्धि, और विजय की कामना की और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में बज रहे गीतों पर भक्त खूब नाचे तथा जय श्रीराम के नारो से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। वहीं भक्तों में जगह जगह प्रसाद का वितरण किया गया।