➡️ शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रवेशोत्सव का आयोजन कर शालाओं का संचालन करें।
--जिला शिक्षा अधिकारी श्री जैन
➡️ शाला में पहला कदम अभियान, 1 अप्रैल से स्कूल में प्रवेश उत्सव का आयोजन।
➡️ आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराई जाकर बच्चों को स्कूल में प्रवेश कराया जाए।
शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रवेश उत्सव का आयोजन कर शालाओं का संचालन करें एवं प्रवेशोत्सव में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उत्सव मनाया जाए। उक्त निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने जिले के प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक में दिए। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश मिश्रा, सहायक संचालक डॉ आशुतोष गोस्वामी, श्रीमती उषा जैन, श्रीमती अनीता कुमार, अभय श्रीवास्तव, श्री उमाशंकर चाचौंडिया, श्री अतिन गुप्ता सहित जिले भर के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने बताया कि कलेक्टर श्री संदीप जी आर के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त पहल कर शाला में पहला कदम अभियान के शत-प्रतिशत उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए चौतरफा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। गौरतलब हो कि इस वर्ष 1 अप्रैल से स्कूल में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का जिले में क्रियान्वित कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर आवश्यक जवाबदेही सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 6 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले चिन्हित किए गए बच्चे स्कूलों में प्रवेश लेने से वंचित न रहें इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराई जाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाए। ऐसे बच्चे जिनके जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या समग्र आईडी जैसे दस्तावेज नहीं बने हैं उनके यह सभी दस्तावेज समय-सीमा में बनाए जाने का कार्य पूरा कर लिया जाकर चिन्हित सभी बच्चों को शाला में प्रवेश कराया जाए।
➡️ प्रवेशोत्सव में शामिल होंगे जनप्रतिनिधि--
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ज़िले के प्रभारी मंत्री जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में जिला स्तर की किसी एक शाला में एवं शाला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में सांसद, विधायक, शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता हेतु उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए। उपस्थित छात्र छात्राओं को अतिथियों के द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तके वितरित की जाए। ग्राम/बसाहट के बाहर रह रहे चिन्हित बच्चों का शाला में नामांकन एवं उनके अभिभावकों का शाला में स्वागत किया जाए। श्री अरविंद जैन ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक की सभी शालाओं में 1 अप्रैल को बाल सभा का आयोजन किया जायेगा। समस्त शालाओं में बच्चों एवं अभिभावकों को स्वलपाहार की व्यवस्था की जायेगी।
2 अप्रेल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्तियों को विद्यार्थियों से भेंट हेतु आमंत्रित किया जाए। स्थानीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, मीडिया, संचार मित्रों और पुलिस अधिकारी, वरिष्ठ शासकीय अधिकारियों आदि के मध्य उक्त कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। आमंत्रित व्यक्ति इस दौरान स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे। श्री अरविंद जैन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर के द्वारा जिले के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी अधिकारियों को किसी एक शाला में जाकर एक कालखण्ड बच्चों के साथ संवाद करने हेतु शालाओं का आवंटन किया जाएगा।
3 अप्रैल को विद्यालय स्तर पर बालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद की गतिविधि आयोजित की जाएगी जिससे उनका जुड़ाव विद्यालय से हो। विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के बारे में विद्यालय स्टॉफ द्वारा पालकों को अवगत कराया जाए। विगत अकादमिक वर्ष में 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाए।
4 अप्रैल को हार के आगे जीत है ध्येय के माध्यम से वर्ष 2025 की परीक्षा में कक्षोन्नती प्राप्त न करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय में पुनः प्रवेश हेतु अभिभावकों को आमंत्रित कर प्रेरित करे। शाला प्रबंधन समिति एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा। बैठक में नवीन अकादमिक सत्र में अनामांकित बच्चो का विद्यालय में शतप्रतिशत नामांकन एवं बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु समिति सदस्यों के साथ चर्चा की जाए एवं कार्ययोजना बनाई जाए। बैठक में श्री अभय श्रीवास्तव, श्री अतिन गुप्ता, श्री शान मोहम्मद ने भी अलग-अलग विषय के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।
तकनीकी सलाहकार श्री अतिन गुप्ता ने बताया कि विभागीय एजुकेशन पोर्टल 2.0 से एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर माइग्रेशन का कार्य प्रचलन में हैा एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर प्रथम चरण में एईओ, शासकीय शालाओं की मेपिंग एवं सत्यापन कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण में बीईओ द्वारा कर्मचारियों की जानकारी का सत्यापन कार्य हो चुका है। अब तृतीय चरण में समय सीमा में अशासकीय शालाओं के डाटा सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जाना है।
अतिथि शिक्षक जिनका भुगतान तकनीकी कारणों से शेष है उनकी जानकारी तत्काल भेजी जानी है जिससे कि समय सीमा में मार्च माह में समस्त अतिथि शिक्षकों का भुगतान कार्य पूूर्ण हो सके।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar #सागर


